*लिधौरा (टीकमगढ़)।* शासकीय बालक माध्यमिक विद्यालय लिधौरा में पदस्थ शिक्षक अखिलेश सोनकिया की गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। नगर में सीमेंट की कुर्सियां लगाने को लेकर हुए विवाद में एक मजदूर के साथ मारपीट के आरोप में पुलिस ने शिक्षक के खिलाफ FIR दर्ज की है।
*क्या है पूरा मामला?*
FIR के अनुसार फरियादी सिराज खान पिता रशीद खान (38 वर्ष), निवासी पुरानी छावनी मुरैना रोड ग्वालियर, हाल निवासी लिधौरा ने पुलिस को बताया कि वह नगरपालिका लिधौरा में ठेके पर सीमेंट की कुर्सियां लगाने का काम कर रहा है। 23 सितंबर 2026 की सुबह करीब 8 बजे वह रेंज मोहल्ले में कुर्सी लगा रहा था।
इसी दौरान आरोपी अखिलेश सोनकिया निवासी लिधौरा वहां पहुंचा और कुर्सी लगाने को लेकर विवाद करते हुए गाली-गलौज करने लगा। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। मौके पर मौजूद विकास वाल्मीकि और हरदयाल केवट ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
*जान से खत्म करने की धमकी*
पीड़ित का आरोप है कि आरोपी शिक्षक ने थाना रिपोर्ट करने पर जान से खत्म करने की धमकी भी दी है। पीड़ित की शिकायत पर लिधौरा थाना पुलिस ने आरोपी अखिलेश सोनकिया के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Continue With Google