*बरसते पानी में बप्पा को दी विदाई, आस्था के सैलाब में डूबा टीकमगढ़* *टीकमगढ़।* गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ... के जयकारों के साथ शहर में गणपति बप्पा की विदाई हुई। तेज बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ और सड़कों पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। ढोल-नगाड़ों की थाप और गुलाल के बीच गणेश प्रतिमाओं को विसर्जन के लिए ले जाया गया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने बप्पा की अंतिम आरती की और दर्शन कर आशीर्वाद लिया। बरसते पानी में भी भक्त नाचते-गाते बप्पा को विदा करते नजर आए। विसर्जन महेंद्र सागर तालाब में बने विशेष विसर्जन कुंड में किया गया। छोटी प्रतिमाओं को नाव की सहायता से कुंड के बीच ले जाकर विसर्जित किया गया, जबकि बड़ी प्रतिमाओं को क्रेन की मदद से विसर्जित किया गया। इस दौरान पुलिस प्रशासन की चाक-चौबंद व्यवस्था रही। पुलिस जवान विसर्जन स्थल से लेकर पूरे रूट पर तैनात रहे, जिससे विसर्जन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।