*टीकमगढ़।* प्रदेश में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग को लेकर सोमवार को टीकमगढ़ जिला मुख्यालय पर श्रमजीवी पत्रकार संघ की अहम बैठक हुई। बैठक प्रांताध्यक्ष शलभ भदौरिया की अध्यक्षता में आयोजित की गई।

बैठक में जिले भर के पत्रकारों ने एक सुर में प्रदेश सरकार से पत्रकार सुरक्षा कानून जल्द लागू करने की पुरजोर मांग की। पत्रकारों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने 26-27 मार्च 2025 को चंबल संभाग के मुरैना में आयोजित दो दिवसीय प्रांतीय महाधिवेशन के दौरान शासकीय प्रवास पर घोषणा की थी कि 6 माह के भीतर पत्रकार सुरक्षा कानून लागू किया जाएगा, लेकिन 6 माह बीतने के बाद भी कानून लागू नहीं हुआ है।

पत्रकारों ने चेतावनी दी है कि यदि अक्टूबर 2026 तक पत्रकार सुरक्षा कानून लागू नहीं किया गया तो पूरे प्रदेश में पत्रकार धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। इस दौरान विभिन्न जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक दलों के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।