तालाब में डूबने से दो मासूम चचेरे भाइयों की मौत, गांव में पसरा मातम
टीकमगढ़। जिले के बड़ागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ककरवाहा के मदनीखेरा गांव में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया। गऊ घाट तालाब में नहाने गए दो 7 वर्षीय मासूम चचेरे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम का माहौल है।
जानकारी के अनुसार तीन भाई तालाब में नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान दो चचेरे भाई गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। हादसे के समय बच्चों के पिता और चाचा तालाब के पास ही खेत में उड़द की फसल काट रहे थे। बताया जा रहा है कि तीसरे बच्चे ने अपने चाचा को दोनों भाइयों के तालाब में डूबने की जानकारी दी।
बच्चों के डूबने की सूचना मिलते ही चाचा ने जोर-जोर से आवाज लगाकर आसपास के लोगों को मदद के लिए बुलाया। आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और तालाब में उतरकर दोनों बच्चों की तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद ग्रामीणों ने दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला।
परिजन आनन-फानन में दोनों बच्चों को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। बच्चों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार के लोगों को विश्वास नहीं हो रहा था कि कुछ ही देर पहले उनके साथ मौजूद दोनों मासूम अब इस दुनिया में नहीं रहे।
घटना की सूचना मिलने पर बड़ागांव थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों का पंचनामा तैयार कर मर्ग कायम किया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी हाउस भेज दिया। पुलिस द्वारा मामले की आवश्यक जांच की जा रही है।
हादसे के बाद गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों और परिजनों ने तालाबों के आसपास बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है।
Continue With Google