*खरगापुर अस्पताल के रैंप पर दौड़ाई ई-स्कूटी, भाजपा नेता का CCTV फुटेज वायरल* *टीकमगढ़।* खरगापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के रैंप पर ई-स्कूटी चलाने का मामला सामने आया है। इसका CCTV फुटेज सोमवार को सामने आया है। आरोपी भाजपा मंडल महामंत्री प्रशांत शुक्ला बताए जा रहे हैं। BMO डॉ. अंकित त्रिपाठी के अनुसार घटना 18 सितंबर की है, जो 19 सितंबर को संज्ञान में आई। मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं। अस्पताल के सुरक्षा गार्ड रवि के अनुसार मुख्य गेट पर ही प्रशांत शुक्ला को ई-स्कूटी अंदर ले जाने से मना किया गया था, इसके बावजूद वे वाहन को अस्पताल परिसर में ले गए और रैंप के जरिए नीचे से ऊपर तक चलाई। यह रैंप मरीजों, बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए है, जहां से व्हीलचेयर और स्ट्रेचर से मरीजों को ले जाया जाता है। ऐसे में बड़ा हादसा हो सकता था। BMO ने बताया कि प्रशांत शुक्ला ने लिखित माफीनामा दिया है। माफीनामे में कहा कि ई-स्कूटी पर पीछे बैठे युवक के सीने में दर्द था, तबीयत खराब होने से जल्दबाजी में रैंप पर वाहन ले गए। BMO के अनुसार जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।