टीकमगढ़: नगरपरिषद लिधौरा में भ्रष्टाचार के आरोपों का मामला गरमा गया है। वर्तमान में सीएमओ प्रदीप भदौरिया और उपयंत्री अशोक पाठक पर बिना काम के भुगतान करने के गंभीर आरोप लगे हैं। इन आरोपों को लेकर नगरपरिषद की अध्यक्ष श्रीमती विजेता चढ़ार और अध्यक्ष प्रतिनिधि अजय पाल चढ़ार ने अधिकारियों से शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत के अनुसार, वार्ड नंबर 15 में कमलेश रावत के मकान से घनश्याम के मकान तक नाली निर्माण का कार्य विश्वकर्मा इंटरप्राइजेज को दिया गया था। इस कार्य के लिए 56,256 रुपये का भुगतान किया जा चुका है, जबकि मौके पर कोई कार्य नहीं हुआ। इसी प्रकार, वार्ड नंबर 1 में देवीदयाल खर्द के खेत से कब्रिस्तान प्रमोद भट्ट के खेत तक मुरम डालने का कार्य भी अधूरा है, जबकि इसके लिए भी 79,552 रुपये का भुगतान किया जा चुका है।
अध्यक्ष विजेता चढ़ार और प्रतिनिधि अजय पाल चढ़ार ने आरोपों को लेकर कमिश्नर सागर, कलेक्टर टीकमगढ़ सहित अन्य अधिकारियों को शिकायत दर्ज कराई है।
सीएमओ का पक्ष:
सीएमओ प्रदीप भदौरिया ने इन आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि दोनों स्थानों पर कार्य पूर्ण हो चुका है और इसके सभी दस्तावेज और फोटोग्राफ उपलब्ध हैं। भदौरिया ने यह भी कहा कि पूर्व के फर्जी तरीकों को बंद कर दिया गया है, जिससे ये शिकायतें की जा रही हैं। उन्होंने मामले की जांच की मांग की है ताकि सत्यता सामने आ सके।
इस मामले पर नगरपरिषद लिधौरा में भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है। अब यह देखना होगा कि जांच में क्या निष्कर्ष निकलता है और क्या कार्यवाही की जाती है।
Continue With Google
Comments (0)