टीकमगढ़: अपराधियों का निकाला जुलूस, लगाए नारे—“अपराध करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है” मोहनगढ़ तिगैला शराब दुकान पर फायरिंग और लूट के मामले में देहात पुलिस की कार्रवाई। *शराब दुकान पर फायरिंग और लूट का खुलासा, 24 घंटे में 3 आरोपी गिरफ्तार* *टीकमगढ़।* देहात थाना क्षेत्र के मोहनगढ़ तिगैला स्थित शराब दुकान पर फायरिंग और लूट की वारदात का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त पिस्टल, जिंदा कारतूस और ब्रेजा कार बरामद की है। 1 अक्टूबर की दरम्यानी रात आरोपी कुलदीप यादव निवासी शिवराजपुरा अपने साथियों के साथ ब्रेजा कार से मोहनगढ़ तिगैला शराब दुकान पहुंचा था। आरोपियों ने सेल्समैन पर जान से मारने की नीयत से पिस्टल से फायरिंग की और दुकान में लूटपाट की। घटना के बाद थाना देहात में अपराध क्रमांक 329/2026 धारा 109(1), 309(4), 331(6) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार अग्रवाल के निर्देश, एएसपी विक्रम सिंह कुशवाहा और एसडीओपी राहुल कटरे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी चंद्रजीत यादव के नेतृत्व में टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना पर मुख्य आरोपी कुलदीप यादव को कान्हा होटल टीकमगढ़ से घेराबंदी कर पकड़ा गया। उसके कब्जे से .32 बोर पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और ब्रेजा कार जब्त की गई। इसके बाद अन्य आरोपी निशांत अहिरवार और देवेंद्र यादव को भी 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया गया।