रेल्वे स्टेशन पर लगी लिफ्ट गिरने से मची अफरातफरी,6याञी बाल बाल बचे *टीकमगढ़।* अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत टीकमगढ़ रेलवे स्टेशन पर दो महीने पहले लगाई गई 90 लाख रुपये की लिफ्ट सोमवार रात अचानक गिर गई। हादसे के समय लिफ्ट में 6 से ज्यादा यात्री सवार थे, जिससे स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों के मुताबिक प्लेटफार्म नंबर-2 पर बनी यह लिफ्ट ऊपर उठते ही करीब 5 फीट की ऊंचाई से नीचे आ गिरी। लिफ्ट नीचे लगे बफर स्प्रिंग में करीब 1 फीट नीचे जाकर फंस गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के समय यात्री प्रियम जैन, संदीप यादव, अभिषेक यादव और मनोज कुमार प्लेटफार्म-2 से प्लेटफार्म-1 पर जाने के लिए लिफ्ट में चढ़े थे। उल्लेखनीय है कि अमृत भारत योजना के तहत टीकमगढ़ स्टेशन पर करीब 13 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य कराए गए हैं, जिनका वर्चुअली लोकार्पण 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल हुए थे। दो महीने में ही लिफ्ट गिरने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। घटना की सूचना पर मंगलवार को ललितपुर से सीनियर सेक्शन इंजीनियर पुरुषोत्तम मीणा जांच के लिए पहुंचे। उन्होंने कहा कि क्षमता से अधिक भार होने के कारण लिफ्ट नीचे गिरी। इस दौरान ओवरलोड सेंसर का अलार्म काम नहीं कर पाया। जांच के बाद लिफ्ट को दुरुस्त कर दिया गया है। वहीं यात्रियों ने लिफ्ट की क्षमता, सेंसर, ब्रेकिंग सिस्टम और सुरक्षा मानकों की तकनीकी जांच कराने और निर्माण एजेंसी पर कार्रवाई की मांग की है।