नैनवारी के पास अवैध रूप से परिवहन की जा रही 30 बोरी यूरिया खाद जब्त
फर्जी बिल के जरिए खाद परिवहन का मामला, चार व्यक्तियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई
टीकमगढ़। कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय के निर्देशन में जिले में अवैध उर्वरक भंडारण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कृषि विभाग की टीम ने टीकमगढ़-बुडेरा मुख्य मार्ग पर ग्राम नैनवारी के पास देर रात छापामार कार्रवाई करते हुए बिना नंबर की मैक्सिमाक्स टैक्सी (बजाज ऑटो) से एनएफएल कंपनी की 30 बोरी यूरिया खाद जब्त की है। मामले में फर्जी बिल के जरिए खाद का अवैध परिवहन किए जाने का खुलासा हुआ है।
उप संचालक कृषि श्री मनोज कश्यप के मार्गदर्शन में प्रभारी वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी एवं उर्वरक निरीक्षक टीकमगढ़ श्री कैलाश प्रसाद अहिरवार के नेतृत्व में 23 अक्टूबर 2026 की रात्रि लगभग 11:05 बजे वाहन की जांच की गई। इस दौरान टैक्सी से 30 बोरी यूरिया खाद बरामद हुई। वाहन चालक नीरज अहिरवार निवासी बुडेरा से खाद के वैधानिक दस्तावेज मांगे जाने पर उसने खाद को दिलीप असाटी निवासी बुडेरा एवं नीलेश यादव निवासी नन्नी टेहरी का बताया, जिसे नन्नी टेहरी ले जाया जा रहा था।
जांच के दौरान संबंधित व्यक्तियों द्वारा हस्तलिखित बिल प्रस्तुत किया गया, जिसमें मेसर्स नरेंद्र एंड संस, टीकमगढ़ के नाम पर 26 बोरी खाद का उल्लेख था। कृषि विभाग की टीम द्वारा फर्म संचालक से संपर्क करने पर उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी ओर से ऐसा कोई बिल जारी नहीं किया गया है। इस प्रकार जांच में फर्जी एवं कूटरचित बिल के माध्यम से यूरिया खाद का परिवहन किए जाने का मामला सामने आया।
पूछताछ में अवैध खरीद-बिक्री का खुलासा
सघन पूछताछ के दौरान वाहन चालक ने बताया कि उक्त 30 बोरी यूरिया खाद रवि तिवारी निवासी माडूमर के घर से 350 रुपये प्रति बोरी की दर से कुल 10 हजार 500 रुपये में खरीदी गई थी। मामले में नीरज अहिरवार के विरुद्ध अवैध परिवहन, रवि तिवारी के विरुद्ध अवैध भंडारण एवं विक्रय, दिलीप असाटी निवासी बुडेरा के विरुद्ध अवैध विक्रय, परिवहन एवं फर्जी बिल में सहयोग तथा नीलेश यादव निवासी नन्नी टेहरी के विरुद्ध अवैध क्रय-परिवहन एवं कूटरचित बिल प्रस्तुत करने के संबंध में कार्रवाई की जा रही है।
उक्त चारों व्यक्तियों के विरुद्ध उर्वरक नियंत्रण आदेश, 1985 की धारा 7 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3 एवं 7 के तहत थाना बुडेरा में एफआईआर दर्ज कराने के लिए कार्रवाई प्रेषित की गई है। जब्त यूरिया खाद एवं टैक्सी वाहन को सुरक्षा की दृष्टि से थाना बुडेरा परिसर में अभिरक्षा में रखा गया है।
मध्य प्रदेश स्पेशल
नैनवारी के पास अवैध रूप से परिवहन की जा रही 30 बोरी यूरिया खाद जब्त फर्जी बिल के जरिए खाद परिवहन का मामला, चार व्यक्तियों के विरुद्ध एफआईआर
October 24, 2026 05:40 PM
1 min read
26 views
1/2
Reactions
Comments 0
Please log in to join the conversation and post a comment.
Continue With Google