त्यौंथर में मनीष कुमार सिंह की सहायक अभियंता पद पर पदस्थापना, 14 साल के अनुभव के साथ संभालेंगे विद्युत व्यवस्था की कमान

त्यौंथर। पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अंतर्गत रीवा जिले के त्यौंथर विद्युत उपसंभाग में नए सहायक अभियंता के रूप में मनीष कुमार सिंह की पदस्थापना की गई है। विभाग में करीब 14 वर्षों से सेवाएं दे रहे श्री सिंह को अब त्यौंथर उपसंभाग की विद्युत व्यवस्था और उपभोक्ता सेवाओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सहायक अभियंता के पद पर पदस्थापना से पहले श्री सिंह वितरण केंद्र चाकघाट में कनिष्ठ अभियंता के रूप में कार्यरत थे। क्षेत्र में लंबे समय तक सेवाएं देने के कारण उन्हें त्यौंथर उपसंभाग की स्थानीय विद्युत व्यवस्था और जमीनी समस्याओं की अच्छी जानकारी है।

अपने कार्यकाल के दौरान चाकघाट क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए उनके स्तर से कई कार्य कराए गए। सिंचाई के लिए विद्युत आपूर्ति को सुचारु बनाने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर नए ट्रांसफार्मर स्थापित करवाए गए।

वहीं चाकघाट टाउन क्षेत्र में लंबे समय से केबल जलने की समस्या से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। समस्या के समाधान के लिए श्री सिंह के प्रयासों से करीब 2 किलोमीटर लंबी केबल बदलने का कार्य कराया गया, जिसके बाद विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार हुआ।

विभागीय अनुभव, वरिष्ठता और क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था की जानकारी को देखते हुए अब सहायक अभियंता के रूप में उनकी नई जिम्मेदारी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। श्री सिंह के सामने त्यौंथर उपसंभाग में विद्युत आपूर्ति को बेहतर बनाए रखने, तकनीकी समस्याओं के त्वरित समाधान और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी होगी।