नवीन तहसील भवन त्योंथर का विधायक सिद्धार्थ तिवारी ने किया निरीक्षण, अधिवक्ताओं के लिए 20 लाख के शेड की घोषणा

भवन की छोटी-छोटी कमियां जल्द दूर करने के निर्देश, अधिवक्ता संघ कार्यालय के फर्नीचर के लिए 25 हजार रुपये देने का आश्वासन

त्योंथर। नवीन तहसील भवन त्योंथर का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्रीय विधायक सिद्धार्थ तिवारी ‘राज’ ने भवन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं संविदाकार की मौजूदगी में भवन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और शेष कमियों को शीघ्र दूर कर निर्धारित समय-सीमा में नवीन भवन से तहसील का कामकाज शुरू कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान विधायक सिद्धार्थ तिवारी ने संविदाकार अनुपम सिंह एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व त्योंथर राकेश चौरसिया को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि भवन में जो भी छोटी-छोटी कमियां शेष हैं, उन्हें जल्द से जल्द पूरा कराया जाए, ताकि आम नागरिकों, पक्षकारों और अधिवक्ताओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें तथा राजस्व संबंधी कार्य नवीन भवन से व्यवस्थित रूप से संचालित हो सकें।

इस अवसर पर अधिवक्ता संघ त्योंथर के अध्यक्ष चंद्रमोहन तिवारी के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने अपनी आवश्यकताओं एवं मांगों से विधायक को अवगत कराया। अधिवक्ताओं और पक्षकारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बैठने के लिए व्यवस्थित शेड निर्माण की मांग रखी गई। विधायक ने मौके पर ही अधिवक्ताओं के बैठने के लिए शेड निर्माण हेतु 20 लाख रुपये तथा अधिवक्ता संघ कार्यालय में अलमारी एवं फर्नीचर की व्यवस्था के लिए 25 हजार रुपये देने का आश्वासन दिया। उन्होंने अधिवक्ता संघ को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों को पूरा कराने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जाएगी और अन्य आवश्यक कार्य भी शीघ्र कराए जाएंगे।

निरीक्षण के दौरान अधिवक्ता संघ के पूर्व अध्यक्ष ब्रह्म नारायण शर्मा ने नवीन तहसील भवन की बारीकी से पड़ताल करते हुए विभिन्न कमियों की ओर विधायक एवं अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया। इस पर संविदाकार अनुपम सिंह ने कमियों को जल्द दूर करने की बात कही।

निरीक्षण के दौरान तहसीलदार राजेश तिवारी सहित अधिवक्ता रामकुशल मिश्रा, पीसी तिवारी, बीएन मिश्रा, कृष्ण जी तिवारी, रियाजुद्दीन खान, कौशलाधीश पांडेय, आशुतोष द्विवेदी, कुश कुमार मिश्रा, कमलेश्वर तिवारी, सरोज तिवारी सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण उपस्थित रहे ।