त्यौंथर: क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं और छात्र हितों की अनदेखी के खिलाफ युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष जशवंत सिंह कछवाह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अनुविभागीय अधिकारी (SDM) कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान सरकार और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ तीखी नारेबाजी कर ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में उठाई गई प्रमुख मांगें:

  • पर्यटक स्थल की घोषणा: ग्राम पंचायत पैरा में स्थित प्राचीन और ऐतिहासिक नंदीघाट मंदिर को 'पर्यटक स्थल' घोषित कर उसका सौंदर्यीकरण कराया जाए।
  • खेल मैदान की व्यवस्था: त्यौंथर महाविद्यालय में छात्रों के लिए खेल मैदान की व्यवस्था हो, जिससे छात्रों को खेलने के लिए भटकना न पड़े।
  • NCC कोर्स का संचालन: महाविद्यालय में एनसीसी (NCC) कोर्स शुरू किया जाए, जिससे छात्रों में अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत हो सके।
  • परीक्षा के लिए 'सेल्फ सेंटर': त्यौंथर महाविद्यालय को परीक्षा के लिए 'सेल्फ सेंटर' बनाया जाए, ताकि छात्रों को इधर-उधर भटकना न पड़े और परीक्षा सुचारू रूप से दे सकें।
  • नशे के अवैध कारोबार पर रोक: क्षेत्र में तेजी से फैल रहे नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन व्यापक अभियान चलाए और इसे बंद कराए।

जशवंत सिंह ने प्रशासन की निष्क्रियता पर चिंता जताते हुए कहा कि यदि प्रशासन ने कुछ दिनों के भीतर इन मांगों पर सकारात्मक कदम नहीं उठाए, तो युवा कांग्रेस सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करने पर बाध्य होगी।

प्रदर्शन में मुख्य रूप से इलाही बख्श, शुभलाल कोल पार्षद, अजीत सिंह ब्लॉक अध्यक्ष, राघवेंद्र सिंह जिला महासचिव, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष विवेक सिंह गहरवार, शुभम दुबे, पत्रकार प्रवीण शर्मा, अनुरेश पाल, सिद्धार्थ पटेल, अखिलेश यादव सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं और युवा कांग्रेस के पदाधिकारी उपस्थित रहे।