उदयगढ़ पुलिस की बड़ी कामयाबी: अंतर-जिला वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, 20 लाख के 7 चोरी के वाहन बरामद

गुजरात और इंदौर से चोरी किए गए 2 ट्रैक्टर व 5 मोटरसाइकिल जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार, गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी

रिपोर्टर : मुस्तकीम म| 03 जुलाई 2026

आलीराजपुर जिले की उदयगढ़ पुलिस ने वाहन चोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर-जिला वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर करीब 20 लाख रुपये मूल्य के 2 ट्रैक्टर एवं 5 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश एवं पूछताछ जारी है।

पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती ज्योति उमठ बघेल तथा एसडीओपी जोबट रविंद्र राठी के मार्गदर्शन में जिले में वाहन चोरी रोकने और सक्रिय गिरोहों पर कार्रवाई के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इसी अभियान के तहत 2 जुलाई को थाना उदयगढ़ पुलिस नियमित पेट्रोलिंग के दौरान बोरी फाटक क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बिना नंबर की लाल रंग की यामाहा आर-15 मोटरसाइकिल पर एक संदिग्ध युवक जोबट रोड से उदयगढ़ की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राकेश पिता कमला बघेल (19 वर्ष), निवासी ग्राम छारवी, थाना उदयगढ़ बताया। आरोपी वाहन के कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और संतोषजनक जवाब भी नहीं दे पाया। जांच में मोटरसाइकिल चोरी की होना प्रतीत होने पर पुलिस ने वाहन जब्त कर आरोपी को हिरासत में लिया।

गहन पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर गुजरात के डभोई और करजन सहित अन्य क्षेत्रों से ट्रैक्टर एवं मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर ग्राम छोटी झिरी, चौहली और छारवी सहित विभिन्न स्थानों से 2 ट्रैक्टर और 5 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।

जांच में सामने आया कि बरामद वाहनों में 3 मोटरसाइकिल और 2 ट्रैक्टर गुजरात के डभोई एवं करजन क्षेत्र से, 1 मोटरसाइकिल इंदौर से तथा 1 मोटरसाइकिल थाना आजादनगर क्षेत्र से चोरी की गई थी। आजादनगर थाने में इस संबंध में अपराध क्रमांक 284/2026 पहले से दर्ज है।

बरामद मशरूका

  • 02 ट्रैक्टर – अनुमानित मूल्य ₹15 लाख
  • 05 मोटरसाइकिल – अनुमानित मूल्य ₹5 लाख
  • कुल बरामद संपत्ति – लगभग ₹20 लाख

पुलिस अब गिरोह के फरार सदस्यों की तलाश में जुटी है तथा अन्य चोरी के वाहनों के संबंध में भी पूछताछ और अनुसंधान जारी है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उदयगढ़ निरीक्षक बृजभूषण हिरवे, उपनिरीक्षक पवन वास्केल, प्रधान आरक्षक लेखराम अवचरे, आजाद चौहान, आरक्षक आनंद, दीपेश, रितेंद्र तथा साइबर टीम की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।