उमरिया में अवैध रेत उत्खनन पर प्रशासन का एक्शन, दो ट्रैक्टर जब्त, तीसरा फरार

उमरिया : जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ राजस्व विभाग ने कार्रवाई की है। कोतवाली थाना क्षेत्र के बड़ेरी के पास अधिकारियों की टीम ने मौके से दो ट्रैक्टर जब्त किए, जबकि एक अन्य ट्रैक्टर चालक भागने में सफल रहा। एसडीएम के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई के बाद अब जब्त वाहनों के मालिकों की पहचान कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

बिना टीपी रेत उत्खनन की सूचना पर पहुंची टीम
जानकारी के मुताबिक, सुबह बड़ेरी के पास बिना वैध ट्रांजिट पास (टीपी) के रेत निकाले जाने और परिवहन किए जाने की सूचना मिली थी। उस समय एसडीएम फील्ड विजिट पर थे। सूचना मिलते ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों को देखकर भागने लगे ट्रैक्टर चालक
राजस्व विभाग की टीम जब बड़ेरी के पास स्थित नाले पर पहुंची, तो वहां ट्रैक्टरों की मदद से रेत निकाली जा रही थी। अधिकारियों को देखकर ट्रैक्टर चालक अपने वाहन लेकर भागने लगे। इसी दौरान दो ट्रैक्टर आपस में फंस गए, जिससे टीम ने उन्हें जब्त कर लिया। वहीं, एक अन्य ट्रैक्टर चालक नदी-नाले के रास्ते तेज गति से फरार हो गया।

जेसीबी की मदद से निकाले गए ट्रैक्टर
कार्रवाई के दौरान फंसे हुए दोनों ट्रैक्टरों को बाहर निकालने के लिए जेसीबी की मदद ली गई। अधिकारियों ने दोनों वाहनों का पंचनामा तैयार कर जब्ती संबंधी कार्रवाई पूरी की। अब ट्रैक्टरों को थाने ले जाकर नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

ट्रैक्टर मालिकों की पहचान में जुटा प्रशासन
तहसीलदार दिलीप सोनी ने बताया कि अनुविभागीय अधिकारी को फील्ड विजिट के दौरान अवैध रेत उत्खनन और परिवहन की जानकारी मिली थी। इसके बाद राजस्व विभाग की टीम को मौके पर बुलाया गया और कार्रवाई की गई। फिलहाल, जब्त ट्रैक्टरों के चालकों और मालिकों की पहचान की जा रही है। जांच के बाद ही मामले में शामिल लोगों और नियमों के उल्लंघन को लेकर आगे की कार्रवाई स्पष्ट होगी।