September 30, 2026 10:22 AM
1 min read
7 views
*रद्दी की टोकरी में उमरार और प्रभारी मंत्री के निर्देश*
*आज फिर उमरार बचाओ समिति करेगी प्रभारी मंत्री से शिकायत*
जिले की लाइफ लाइन कहे जाने वाली उमरार नदी पर बढ़ते अतिक्रमण को लेकर आज जिले के प्रभारी मंत्री को एक बार फिर अवगत कराया जायेगा, यह तीसरी बार होगा जब मंत्री को जिले की मीडिया ने बताया है कि साहब उमरार को बचा लीजिए, यहां कानून की बातें करने वालों ने ही कानून का मज़ाक़ बना दिया है, यह निर्देश भले ही पूर्व के कलेक्टर ने नहीं माना हो मगर वर्तमान कलेक्टर भी उमरार को संवारने पीछे हैं, हालांकि इस बात की शिकायत आज फिर पालक मंत्री से उमरार बचाओ समिति शिकायत करेगी। जिसके बाद यह कयास लगाए जा रहे हैं कि अब जल्द ही उमरार नदी के किनारों का सीमांकन होगा और अतिक्रमण से उसे मुक्त भी कराया जायेगा। बता दें कि उमरार नदी को बचाने के लिए दर्जनों बार शिकायतें और ज्ञापन सौंपा जा चुका है मगर अधिकारी हैं कि अपनी जिम्मेदारी दूसरों के कंधों पर डालकर मामला ठंडे बस्ते में डाल देते हैं, पिछले तीन बार से शिकायत के माध्यम से उमरार नदी को बचाने के लिए जिला प्रभारी मंत्री को अवगत कराया गया, जिसके बाद मंत्री ने आश्वासन तो दिया था कि नदी को किसी भी हाल में अतिक्रमण की चपेट में नहीं आने दिया जायेगा, परंतु अधिकारियों ने एक सिरे की केवल चंद फिट भूमि को सरकारी बताकर बोर्ड लगा दिया और वाहवाही लूटने का पूर्ण प्रयास किया मगर जहां नदी ही खिसका दी गई है वहां पर जाने की हिमाकत कोई नहीं कर रहा है। बहरहाल जो भी हो इस बार प्रभारी मंत्री से शिकायत के बाद शायद अधिकारी और नेता जाग जायें और लाइफ लाइन उमरार को बचाने एक बड़ा प्रयास हो।