नर्मदापुरम 

मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के तहत 196 तीर्थयात्रियों का जत्था वाराणसी रवाना

नर्मदापुरम्। मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजनांतर्गत नगरपालिका कार्यालय परिसर से करीब 196 तीर्थयात्रियों का जत्था स्पेशल ट्रेन से वाराणसी के लिए रवाना हुआ। रवाना होने से पहले नपाध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव ने तीर्थयात्रियों का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया और उनकी सुखद व मंगलमय यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव के जयकारे लगाए।
नपाध्यक्ष नीतू यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश के श्रद्धालुओं को विभिन्न धार्मिक स्थलों की नि:शुल्क तीर्थयात्रा कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तीर्थदर्शन की विभिन्न यात्राएं निरंतर जारी रहेंगी।
इस अवसर पर पूर्व महिला मोर्चा अध्यक्ष अर्चना पुरोहित, पूर्व मंडल अध्यक्ष रोहित गौर, वार्ड क्रमांक 6 के पार्षद राजेंद्र उपाध्याय, तहसीलदार मिट्टूलाल पवार सहित सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।