आगर मालवा। शहर के बड़ौद रोड स्थित लाल कोठी के सामने बने वेयरहाउस में शुक्रवार दोपहर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव गेहूं की बोरियों के बीच फंसा हुआ मिला, जिसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, वेयरहाउस में पिछले कई दिनों से कोई कार्य नहीं हो रहा था। शुक्रवार दोपहर वेयरहाउस कर्मचारियों ने परिसर का निरीक्षण किया तो कुछ गेहूं की बोरियां गिरी हुई दिखाई दीं। इसके बाद बोरियों को दोबारा व्यवस्थित करने के लिए मजदूरों को लगाया गया। इसी दौरान मजदूरों की नजर बोरियों के बीच फंसे एक व्यक्ति के शव पर पड़ी।
घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी।
पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस अज्ञात व्यक्ति की पहचान करने और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।
Continue With Google
Comments (0)