झरने पर घूमने नहीं, सफाई करने पहुंचे युवा… 10 से ज्यादा थैलियां कचरा समेटकर दिया बड़ा संदेश
कट्ठीवाड़ा। प्रेम गुप्ता
आमतौर पर लोग झरने की खूबसूरती देखने और यादें संजोने पहुंचते हैं, लेकिन कट्ठीवाड़ा में युवाओं की एक टोली यहां कुछ अलग करने पहुंची। युवाओं ने झरना क्षेत्र में बिखरे कचरे को अपने हाथों से समेटा और देखते ही देखते 10 से अधिक थैलियां कचरे से भर दीं।
युवा रक्तदान समिति कट्ठीवाड़ा एवं जनजाति विकास मंच के सहयोग से युवाओं ने झरना क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान प्लास्टिक, वेफर्स के पैकेट और अन्य कचरा एकत्रित कर क्षेत्र को साफ किया गया।
श्रमदान के साथ दिया प्रकृति बचाने का संदेश
अभियान के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता कादु सिंह डुडवे ने युवाओं एवं नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थल केवल घूमने की जगह नहीं, बल्कि हमारी प्राकृतिक धरोहर हैं। इन्हें साफ और सुरक्षित रखना सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने पर्यटकों से अपील की कि झरने पर घूमने के दौरान अपने साथ लाए प्लास्टिक और अन्य कचरे को खुले में न फेंकें। जिस प्रकृति की सुंदरता देखने हम यहां आते हैं, उसकी सुंदरता बनाए रखना भी हमारा ही दायित्व है।
सोशल मीडिया पर भी मिल रही सराहना
युवाओं के स्वच्छता अभियान की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद लोगों ने उनकी पहल की सराहना की। लोगों का कहना है कि पर्यटन स्थलों की सफाई केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज की भागीदारी से ही ऐसे स्थान लंबे समय तक स्वच्छ रह सकते हैं।
अभियान में हरसिंह कनेश, कुरर्सिंह मालिया, विपुल, संजय सहित अन्य युवा साथी मौजूद रहे। युवाओं ने अपने काम से संदेश. दिया कि झरने की खूबसूरती देखने आए हैं तो उसे कचरे से नहीं, स्वच्छता से भी सजाएं।
Continue With Google