"युवाओं का हल्ला बोल: कलेक्टर कार्यालय पर चढ़ा जनआक्रोश, वाटर कैनन और गिरफ्तारियों के बीच गूंजा 'रोजगार दो, जवाब दो' का नारा"
पेपर लीक, भर्ती घोटालों और बेरोजगारी के खिलाफ युवक कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब समेत कई नेता गिरफ्तार
आलीराजपुर। देशभर में बढ़ती बेरोजगारी, NEET पेपर लीक, भर्ती घोटालों और युवाओं के भविष्य के साथ हो रहे कथित अन्याय के खिलाफ रविवार को आलीराजपुर की सड़कों पर युवाओं का जबरदस्त जनसैलाब उमड़ पड़ा। युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के नेतृत्व में हजारों युवाओं ने जिला मुख्यालय पर ऐतिहासिक जनआक्रोश रैली निकालते हुए कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन को रोकने के लिए पुलिस को वाटर कैनन का सहारा लेना पड़ा, जबकि कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया।
शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरती रैली में शामिल युवाओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। कलेक्टर कार्यालय की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात किया था। जैसे ही प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग पार करने का प्रयास करने लगे, पुलिस ने वाटर कैनन चलाए और कई नेताओं को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए नेताओं में युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब, प्रदेश प्रभारी सीबी सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष यस घनगोरिया, आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल, युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष पुष्पराज पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक परमार, सोनू वर्मा, जितेंद्र अजनार, अरविंद पटेल, सुरेश पटेल, लक्की राठौड़, तरुण मंडलोई, दिनेश देवका, राजू देहदिया सहित अनेक कांग्रेसजन शामिल रहे।
विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि लाखों युवा वर्षों तक कठिन परिश्रम कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन लगातार हो रहे पेपर लीक और भर्ती घोटाले उनकी मेहनत पर पानी फेर रहे हैं। उन्होंने कहा कि NEET पेपर लीक केवल एक परीक्षा का मामला नहीं, बल्कि करोड़ों युवाओं के भविष्य पर सीधा हमला है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देने की मांग की और चेतावनी दी कि जब तक दोषियों पर कठोर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक आंदोलन पूरे देश में जारी रहेगा।
प्रदेश अध्यक्ष यस घनगोरिया ने कहा कि मध्यप्रदेश का युवा रोजगार और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था की मांग कर रहा है, लेकिन सरकार केवल आश्वासन देने में व्यस्त है। लगातार सामने आ रहे भर्ती घोटालों ने युवाओं का विश्वास तोड़ दिया है और अब युवा अपने अधिकारों के लिए सड़क पर उतर चुका है।
राष्ट्रीय महासचिव एवं मध्यप्रदेश प्रभारी सीबी सिंह चौहान ने कहा कि यह आंदोलन केवल विरोध नहीं, बल्कि युवाओं के अधिकारों की निर्णायक लड़ाई है। वहीं गुजरात युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण बंडोल ने आरोप लगाया कि देशभर में युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है और रोजगार के अवसर लगातार कम होते जा रहे हैं।
जोबट विधायक सेना महेश पटेल ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की सरकारें युवाओं को रोजगार देने में पूरी तरह विफल रही हैं। लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और भर्ती घोटालों ने युवाओं के भविष्य को अंधकारमय बना दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं की आवाज को दबने नहीं देगी।
युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष पुष्पराज पटेल ने आंदोलन में शामिल सभी युवाओं, कार्यकर्ताओं और नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आलीराजपुर की धरती से युवाओं के अधिकारों की लड़ाई को नई ताकत मिली है। जिले के हजारों युवाओं ने स्पष्ट संदेश दिया है कि वे अपने भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेंगे।
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर NEET पेपर लीक और भर्ती घोटालों की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की गई। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि सरकार ने शीघ्र निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को प्रदेशव्यापी और राष्ट्रव्यापी रूप दिया जाएगा।

Continue With Google
Comments (0)