डबरा नवग्रह शक्ति पीठ प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव चतुर्थ दिवस
डबरा के नवग्रह शक्तिपीठ में चल रहे प्राणप्रतिष्ठा महोत्सव के चौथे दिन शनिवार को श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। विश्वविख्यात कवि एवं कथावाचक डॉ. कुमार विश्वास ने अपनी बहुचर्चित रामकथा “अपने-अपने राम” का भावपूर्ण शुभारंभ किया।
उनकी ओजस्वी वाणी और काव्यमय शैली ने पूरे पंडाल को भक्ति, भाव और प्रेम से सराबोर कर दिया। कथा के दौरान श्रीराम के आदर्शों, मानवीय मूल्यों और समाज में मर्यादा की आवश्यकता पर विशेष प्रकाश डाला गया। श्रद्धालु देर रात तक मंत्रमुग्ध होकर कथा श्रवण करते रहे।
कार्यक्रम में प्रदेश के अनेक गणमान्य नेता, जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी भी उपस्थित रहे। मंदिर परिसर में सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
“रामकथा प्रेम सिखाती है; राजनीति नहीं, लोकनीति से ही बनेगा रामराज्य”
रामकथा जीवन का संस्कार, न कि केवल धार्मिक आयोजन
डॉ. कुमार विश्वास ने अपने प्रवचन की शुरुआत यह कहते हुए की कि “रामकथा प्रेम सिखाती है और इस प्रेम की शुरुआत परिवार से होती है।” उन्होंने कहा कि जब तक घर में संवाद और समझ नहीं होगी, तब तक समाज और विश्व में शांति की कल्पना अधूरी रहेगी।
डॉ. कुमार विश्वास ने भगवान श्रीराम के जीवन के विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने कहा कि “राम का जीवन यह सिखाता है कि निजी सुख से ऊपर कर्तव्य, लोक और मर्यादा होती है।”
उन्होंने बताया कि पिता की आज्ञा, भ्रातृ प्रेम और दांपत्य मर्यादा आज के समाज के लिए भी उतनी ही प्रासंगिक हैं जितनी त्रेता युग में थीं।
“चलो अब लौट चले रघुराई” — सीता की करुण पुकार
भावनात्मक क्षण तब आया जब कुमार विश्वास ने माता सीता के शब्दों में कहा —
“चलो अब लौट चले रघुराई।”
इस प्रसंग में उन्होंने बताया कि यह क्षण प्रेम और करुणा से भरा है, परंतु भगवान श्रीराम के लिए लोकमर्यादा और पिता का वचन सर्वोपरि बन जाता है। उन्होंने कहा, “यही रामत्व है — जब व्यक्तिगत भावनाओं से ऊपर उठकर कर्तव्य निभाया जाए।”
नवग्रह शक्तिपीठ प्राणप्रतिष्ठा महोत्सव अब आस्था और आध्यात्मिक चेतना का केंद्र बन चुका है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में भक्तगण पहुंचकर धर्मलाभ अर्जित कर रहे हैं।
आज प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के चतुर्थ दिवस अनेक राजनीतिको एवं गणमान्य लोगों की उपस्थिति भी काफी रही है इसी क्रम में -
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, कैबिनेट मंत्री इंदर सिंह परमार, कैबिनेट मंत्री करण सिंह वर्मा, पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा, पूर्व मंत्री सुरेश राठखेड़ा, कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री गोविंद सिंह पूर्व सांसद के.पी. यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष रणवीर रावत, पूर्व विधायक शिवपुरी वीरेंद्र रघुवंशी,पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल भाजपा के वरिष्ठ नेता शैलेंद्र बरुआ सहित कई जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।
सभी अतिथियों का स्वागत प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने किया।
Continue With Google
Comments (0)