आलोट। महज 10 हजार रुपए के लालच में बैंक खाते दूसरों के हवाले करना साइबर अपराधियों के लिए ठगी की रकम खपाने का जरिया बन रहा है। इंदौर क्राइम ब्रांच की कार्रवाई में रतलाम जिले के आलोट निवासी पप्पू उर्फ पंकज मीणा का नाम देशभर में साइबर ठगी की रकम के लेनदेन से जुड़े नेटवर्क में सामने आया है। पुलिस ने ऑपरेशन मैट्रिक्स के तहत उसे गिरफ्तार किया है। जांच में आरोप है कि वह लोगों को नकद राशि का लालच देकर उनके बैंक खाते हासिल करता और इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम प्राप्त करने तथा आगे ट्रांसफर करने में करता था।
खाते के संचालन के बदले दिए 10 हजार रुपए
इंदौर क्राइम ब्रांच की जांच एक संदिग्ध म्यूल बैंक खाते से शुरू हुई। फेडरल बैंक के खाते की तकनीकी पड़ताल में इंदौर निवासी अंशु का नाम सामने आया। पुलिस के अनुसार, अंशु ने 10 हजार रुपए लेकर अपने बैंक खाते का संचालन आलोट निवासी पप्पू उर्फ पंकज मीणा को सौंप दिया था। इसके बाद उक्त खाते में साइबर ठगी से संबंधित रकम का लेनदेन किए जाने का आरोप है। पुलिस ने खाते उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किया है।
तमिलनाडु और तेलंगाना तक पहुंची जांच
जांच में संबंधित बैंक खाते से जुड़ी साइबर ठगी की शिकायतें तमिलनाडु के कल्लाकुरिची और तेलंगाना के मलकाजगिरी साइबर क्राइम थानों में दर्ज होना सामने आया है। इससे बैंक खाते के जरिए अलग-अलग राज्यों में हुई साइबर ठगी के मामलों से संभावित संबंधों की जांच की जा रही है।
पुलिस को आशंका है कि आरोपी इसी तरीके से अन्य लोगों के बैंक खाते भी हासिल कर साइबर अपराध से प्राप्त रकम के लेनदेन में इस्तेमाल कर रहा था। क्राइम ब्रांच आरोपी से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, बैंक खातों और ठगी की रकम के लेनदेन की जानकारी जुटा रही है।
बैंक खाता किराए पर देना भी पड़ सकता है भारी
साइबर अपराध में बैंक खातों का इस्तेमाल ठगी की रकम प्राप्त करने और उसे दूसरे खातों में स्थानांतरित करने के लिए किया जाता है। लालच में अपना बैंक खाता, एटीएम, चेकबुक या खाते का संचालन किसी अन्य व्यक्ति को सौंपने वाले खाताधारक भी जांच के दायरे में आ सकते हैं। इंदौर क्राइम ब्रांच की इस कार्रवाई ने ऐसे खातों के जरिए संचालित साइबर अपराध नेटवर्क की गंभीरता उजागर की है। मामले में पुलिस जांच जारी है।
Continue With Google