आज दिनांक 24/11/2026 को शासकीय माधव महाविद्यालय चंदेरी में हुई विकासखंड स्तरीय मासिक बैठक संपन्न

चंदेरी/अशोकनगर | मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के द्वारा शासकीय माधव महाविद्यालय चंदेरी में विकासखंड स्तरीय मासिक बैठक एवं प्रस्फुटन शक्ति संचय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

सबसे पहले अतिथियों के द्वारा मां सरस्वती के सामने दीप जलाकर और माल्यार्पण कर कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंडी अध्यक्ष श्री दिनेश मिश्रा, विशेष अतिथि कृषि विभाग अधिकारी श्री पुरुषोत्तम शर्मा, जिला समन्वयक श्री बद्री प्रसाद चौहान, विकासखंड समन्वयक श्री दीपक पटेरिया मौजूद रहे। सभी अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।

कार्यक्रम की रूपरेखा विकासखंड समन्वयक श्री दीपक पटेरिया ने रखी। जिसमें समिति की कागजों की प्रक्रिया पूरी करवाई गई। पहले सत्र के दौरान कृषि विभाग अधिकारी श्री पुरुषोत्तम शर्मा ने समितियों के लिए जैविक खाद और कीटनाशक बनाने की पूरी प्रक्रिया विस्तार से समझाई।

साथ ही मुख्य अतिथि श्री दिनेश मिश्रा ने मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि हमारे लिए कम से कम एक दो बीघा में घर के उपयोग लायक जैविक खेती जरूर करना चाहिए। जिससे अन्य लोग भी जैविक खेती के प्रति जागरूक हों और हमारा पर्यावरण प्रदूषण से मुक्त रहे। साथ ही उन्होंने 10 विभागों की अलग-अलग योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। जैसे महिला बाल विकास, पंचायती राज व्यवस्था, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग आदि।

विकासखंड समन्वयक श्री दीपक पटेरिया ने अपने उद्बोधन में कहा कि हमारी आर्थिक स्थिति साक्षरता दर को प्रभावित करती है, इसीलिए हमें खेती के लिए कम से कम मशीनों का उपयोग करते हुए पशुपालन करके खेती करना चाहिए। इसके बाद अंतिम सत्र जिला समन्वयक श्री बद्री प्रसाद चौहान के द्वारा लिया गया। जिसमें समितियों के लिए नियमित रूप से काम करने के लिए प्रेरित किया और 80 जी तक के एनजीओ की प्रक्रिया सभी समितियों के बीच विस्तार से समझाई।

कार्यक्रम का संचालन परामर्शदाता श्री स्वदेश समैया के द्वारा किया गया। कार्यक्रम में समस्त मेंटर्स, नवांकुर संस्थान एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति और सोशल सीएम इंटर्न उपस्थित रहे।