अशोकनगर | नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन और पुलिसिंग को मजबूत बनाने के लिए अशोकनगर पुलिस ने आरक्षकों का एक दिवसीय रिफ्रेशर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित प्रशिक्षण में गिरफ्तारी की वैधानिक प्रक्रिया, साक्ष्यों का संरक्षण, साइबर अपराधों की विवेचना, डिजिटल पुलिसिंग और पीड़ितों की सहायता जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई।
जिला अभियोजन अधिकारी विश्वजीत श्रीवास्तव, एसडीओपी ओमप्रकाश मिश्रा सहित पुलिस एवं अभियोजन अधिकारियों ने आरक्षकों को भारतीय न्याय संहिता की महत्वपूर्ण धाराओं और कानून के अनुरूप कार्रवाई करने के तरीके समझाए। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने कहा कि नए कानूनों की सही जानकारी और उनका प्रभावी क्रियान्वयन आमजन को त्वरित एवं न्यायोचित पुलिस सहायता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
Continue With Google