गुरु ग्रंथ साहिब की पालकी के आगे सेवा में जुटी संगत, लंगर में हजारों लोगों ने ग्रहण की प्रसादी, गुरु का इतिहास भी सुनाया

अशोकनगर | गुरु नानक देवजी के प्रकाश पर्व पर मंगलवार को शहर में आस्था, सेवा और भाईचारे का अनूठा संगम देखने को मिला। सिख समाज की ओर से गुरुद्वारे से नगर कीर्तन निकाला गया। इसमें सबसे खास दृश्य स्वच्छता सेवा का रहा। नगर कीर्तन के मार्ग पर महिलाएं हाथों में झाड़ू लेकर सड़क की सफाई करती चल रही थीं, वहीं पुरुष पानी डालकर सड़कों को धोते और साफ करते नजर आए। इसके बाद गुरु ग्रंथ साहिब की पालकी नगर कीर्तन के साथ निकली। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।

नगर कीर्तन की शुरुआत शहर के गुरुद्वारे से हुई। यहां से शोभायात्रा इंदिरा पार्क रोड, इंदिरा पार्क, बिलाला मिल रोड और गांधी पार्क होते हुए वापस गुरुद्वारे पहुंची। नगर कीर्तन में पंच प्यारों की अगुवाई रही। जगह-जगह पंच प्यारों का फूल बरसाकर स्वागत-सत्कार किया गया। गुरु ग्रंथ साहिब की पालकी के दर्शन के लिए भी श्रद्धालु उत्साहित नजर आए। समाज के महिला, पुरुष और बच्चे सेवा भाव के साथ नगर कीर्तन में शामिल हुए।

गुरु का इतिहास बताया, अटूट लंगर में प्रसादी

प्रकाश पर्व के अवसर पर सुभाषगंज में कीर्तन का आयोजन भी हुआ। इसमें बाहर से आए रागी जत्थों ने गुरु नानक देवजी की वाणी का गायन किया और संगत को उनके जीवन तथा इतिहास की जानकारी दी। गुरुद्वारे में अटूट लंगर की व्यवस्था की गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसादी ग्रहण की। लंगर और अन्य धार्मिक व्यवस्थाओं में समाज के सेवादार जुटे रहे।

नगर कीर्तन के दौरान स्वच्छता सेवा ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। गुरु ग्रंथ साहिब की पालकी के मार्ग को साफ रखने के लिए संगत ने स्वयं सड़कें साफ कीं। गुरु नानक देवजी के प्रकाश पर्व पर आयोजित कार्यक्रम में सेवा, समानता और भाईचारे का संदेश दिया गया।