अशोकनगर। थाना मुंगावली में पंजीबद्ध अपराध क्रमांक 294/2025 में नाबालिग बालिका के साथ लैंगिक हमला करने के प्रकरण में विशेष न्यायालय पॉक्सो एक्ट, मुंगावली ने आरोपी सुनील जोशी निवासी ग्राम मल्हारगढ़, थाना मुंगावली को दोषी पाते हुए 05 वर्ष के सश्रम कारावास एवं अर्थदंड से दंडित किया है।
घटना दिनांक 30.08.2025 की है। आरोपी सुनील जोशी ग्राम मल्हारगढ़ में एक नाबालिग बालिका के घर पहुंचकर पानी मांगा और इसी दौरान बुरी नीयत से उसके गाल पर हाथ फेरते हुए आपत्तिजनक कृत्य किया। आरोपी ने बालिका को रुपये देने का प्रलोभन भी दिया, जिसका बालिका ने विरोध किया। बालिका ने परिजनों को जानकारी दी, जिसके बाद दिनांक 31.08.2025 को थाना मुंगावली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। रिपोर्ट पर आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 294/2025 धारा 74 भारतीय न्याय संहिता 2023 एवं धारा 9 एम / 10 पॉक्सो अधिनियम 2012 के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान पीड़िता के कथन लेखबद्ध किए गए तथा न्यायालय के समक्ष धारा 183 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के अंतर्गत कथन दर्ज कराए गए। पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया तथा माता-पिता के कथन लिए गए। घटना स्थल का नक्शा मौका तैयार किया गया एवं पीड़िता की आयु के संबंध में विद्यालयीन अभिलेख एवं जन्मतिथि संबंधी दस्तावेज संकलित किए गए। विवेचना के दौरान आरोपी को दिनांक 02.09.2025 को गिरफ्तार किया गया। विवेचना पूर्ण कर अभियोग पत्र दिनांक 21.11.2025 को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। साक्ष्यों एवं गवाहों के परीक्षण के बाद विशेष न्यायालय पॉक्सो एक्ट, मुंगावली ने दिनांक 13.10.2026 को आरोपी को दोषी घोषित किया।
न्यायालय ने आरोपी सुनील जोशी को धारा 74 भारतीय न्याय संहिता 2023 में 01 वर्ष एवं धारा 9 एम सहपठित धारा 10 पॉक्सो अधिनियम 2012 में 05 वर्ष के सश्रम कारावास तथा क्रमशः 1,000 रुपये एवं 2,000 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। दोनों सजाएं एक साथ भुगताई जाएंगी। अर्थदंड अदा नहीं करने पर क्रमशः 01 माह एवं 02 माह का अतिरिक्त सश्रम कारावास भुगतना होगा। अर्थदंड की संपूर्ण राशि 3,000 रुपये अपील अवधि के बाद पीड़िता को क्षतिपूर्ति के रूप में देने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के नेतृत्व में जिला अशोकनगर पुलिस महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराधों में त्वरित कार्रवाई, गुणवत्तापूर्ण विवेचना एवं प्रभावी अभियोजन के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि अपराधियों को दंडित कर पीड़ितों को न्याय दिलाया जा सके।
Continue With Google