पिपरई/अशोकनगर। नगर के चंदेरी रोड स्थित तालाब से अवैध रूप से पानी निकालकर खेत में देने के मामले में नगर परिषद ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक मोटर जब्त की है।

जानकारी के अनुसार तालाब से चोरी-छिपे मोटर डालकर पानी निकाला जा रहा था। शिकायत मिलते ही परिषद की टीम मौके पर पहुंची और मोटर को जब्त कर लिया।

इस संबंध में सीएमओ संतोष कुमार सोनी ने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र में किसी भी तालाब में चोरी-छिपे मोटर डालकर पानी चोरी करते हुए पकड़ा गया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि इस बार कम बारिश के चलते क्षेत्र के तालाबों में पानी का स्तर पहले से ही काफी कम है। ऐसे में तालाबों का पानी नगर की पेयजल व्यवस्था, मवेशियों और अन्य जरूरतों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इसके बावजूद कुछ लोग अपने निजी स्वार्थ के लिए तालाब का पानी चोरी कर खेतों में दे रहे हैं, ऐसे लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।

परिषद ने चेतावनी दी है कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। सीएमओ ने नगरवासियों से भी अपील की है कि अगर कहीं भी तालाब से पानी चोरी होता दिखाई दे तो तुरंत परिषद को सूचना दें।