अशोकनगर। विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग प्रतियोगिता वर्ष 2027 के अंतर्गत आयोजित जिला स्तरीय पीपीटी राउंड में अच्छा प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को आज दिनांक 24.11.2026 को पुलिस अधीक्षक अशोकनगर राजीव कुमार मिश्रा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतर सिंह कनेश द्वारा प्रमाण-पत्र एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
जिला स्तरीय पीपीटी प्रतियोगिता का विषय जनजातीय नेतृत्व, प्राकृतिक संसाधन और समावेशी विकास रखा गया था। इसके अंतर्गत प्रतिभागियों ने जनजातीय समुदाय भारत के समावेशी एवं सतत विकास मॉडल का नेतृत्व किस प्रकार कर सकते हैं विषय पर अपने विचार एवं प्रस्तुतियां दी थीं। प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों के साथ टॉप-6 प्रतिभागियों को भी अधिकारियों द्वारा सम्मानित किया गया।
खेल विभाग के अरुण रघुवंशी द्वारा जानकारी दी गई कि जिला स्तर पर चयनित श्रेष्ठ छह प्रतिभागी अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अशोकनगर जिले का प्रतिनिधित्व कर अपनी प्रतिभा एवं क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। इनमें कुमारी सुरक्षा रघुवंशी, इंद्रेश डांगी, देव शर्मा, कुमारी राशि शर्मा, कुमारी गुड़िया अहिरवार एवं निशित साहू शामिल हैं।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतर सिंह कनेश द्वारा सभी विजेता एवं चयनित प्रतिभागियों को बधाई देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दी गईं। अधिकारियों ने युवाओं की प्रतिभा, रचनात्मक सोच एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति उनकी सकारात्मक भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि युवा देश के भविष्य हैं तथा उनकी नई सोच एवं सक्रिय भागीदारी विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उक्त कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. रेणु राजेश, प्राचार्य नेहरू महाविद्यालय, डॉ. दीक्षा भट्ट, डॉ. अंजना गुप्ता एवं डॉ. हिमांशी गंगवार का विशेष योगदान रहा।
Continue With Google