सीएमएचओ डॉ. अलका त्रिवेदी के मार्गदर्शन एवं सहयोग से दिसंबर में होगा नवीन अस्पताल का शुभारंभ

राजपुर/अशोकनगर | सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर के नवीन भवन में स्वास्थ्य सेवाएं शुरू करने की तैयारियों को लेकर बीएमओ डॉ. जयकृत सिंह राजपूत एवं बीपीएम गणेश बहरे ने नवीन भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल चलाने के लिए जरूरी डॉक्टर, कर्मचारी, दवाइयां, उपकरण और अन्य व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

सीएमएचओ डॉ. अलका त्रिवेदी के मार्गदर्शन एवं सहयोग से सीएचसी राजपुर के नवीन भवन में स्वास्थ्य सेवाओं के शुरू होने की तैयारियां तेजी से की जा रही हैं। बीएमओ डॉ. जयकृत सिंह राजपूत ने बताया कि नवीन भवन में दिसंबर माह में स्वास्थ्य सेवाएं शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है और इसके लिए पूरी कार्ययोजना तैयार कर ली गई है।

वर्तमान में सीएचसी राजपुर में 2 नियमित चिकित्सक एवं 3 बॉन्डेड चिकित्सक पदस्थ हैं। नर्सिंग सेवाओं के लिए एक नर्सिंग ऑफिसर तथा कोल्ड चेन व्यवस्था के लिए एक एएनएम कार्यरत हैं। वहीं वार्ड बॉय एवं फार्मासिस्ट के पद खाली हैं। सीएचसी स्तर पर तीन शिफ्टों में स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन के लिए जरूरी कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण है।

वहीं मल्टीपरपज डेली वर्कर के 4 कर्मचारी सीएचसी गाइडलाइन के अनुसार कार्यरत हैं। अस्पताल के सही संचालन के लिए जरूरी अन्य कर्मचारी एवं सामान की पूर्ति के लिए भी कार्ययोजना बनाई जा रही है।

बीएमओ डॉ. जयकृत सिंह राजपूत ने बताया कि कर्मचारी एवं जरूरी व्यवस्थाओं की कमी के कारण नवीन भवन में अस्पताल शुरू करने में अब तक देरी हुई, लेकिन अब टीम द्वारा पूरी योजना तैयार कर ली गई है। सीएमएचओ डॉ. अलका त्रिवेदी के मार्गदर्शन एवं सहयोग से जरूरी व्यवस्थाओं को जल्द पूरा कर दिसंबर में नवीन भवन से स्वास्थ्य सेवाओं का शुभारंभ किया जाएगा।

नवीन भवन में अस्पताल शुरू होने से राजपुर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की जनता को बेहतर, आसान एवं अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर मिलेंगी। इससे क्षेत्र के मरीजों को बेहतर इलाज मिलेगा और उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

बीएमओ डॉ. जयकृत सिंह राजपूत ने कहा कि नवीन भवन में स्वास्थ्य सेवाओं का सही एवं अच्छा संचालन उनकी प्राथमिकता है, ताकि राजपुर क्षेत्र की जनता को आधुनिक एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ मिल सके।