अशोकनगर | कलेक्टर संकेत मालवीय ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में बैठक ली। बैठक में शिकायतों की समीक्षा के दौरान वे नाराज हो गए।

उन्होंने कहा कि कई विभागों में लोगों की शिकायतें महीनों से अटकी पड़ी हैं। ये लापरवाही अब नहीं चलेगी।

कलेक्टर ने बी, सी और डी ग्रेडवाले विभागों के अधिकारियों को नोटिस देने के निर्देश दिए। 100 दिन से ज्यादा समय से अटकी शिकायतों पर अधिकारियों पर जुर्माना भी लगाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि शिकायत का निपटारा सिर्फ कागज पर नहीं, बल्कि शिकायत करने वाले व्यक्ति की संतुष्टि के साथ होना चाहिए। मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की जनसुनवाई में मिले आवेदनों को सबसे पहले निपटाया जाए।

बैठक में ई-केवाईसी के लिए जनपद, तहसील और पंचायत में मदद के लिए काउंटर खोलने के निर्देश दिए गए। खाद की उपलब्धता, ई-टोकन बुकिंग और खाद्यान्न वितरण पर भी बात हुई।

कलेक्टर ने नगर पालिका, जल निगम और चंदेरी में चल रहे कामों को समय पर और अच्छा करने के निर्देश दिए।