अशोकनगर | चक्रवात अक्वन का असर कमजोर पड़ते ही जिले में एक बार फिर सर्दी ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। उत्तर दिशा से 12 से 17 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली सर्द हवाओं ने रात के तापमान में बड़ी गिरावट ला दी है।

महज 24 घंटे के भीतर न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस लुढ़ककर 15.8 डिग्री से सीधे 12 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। दिन के अधिकतम तापमान में भी 1.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, जो रविवार को 29.9 डिग्री घटकर सोमवार को 28.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

दरअसल तीन दिन पहले उत्तर-पूर्वी हवाओं के चलते रात का पारा 11.3 डिग्री तक गिर गया था, लेकिन चक्रवात के असर से ठंडक कुछ कम हो गई थी। अब हवा का रुख फिर से उत्तरी होने से शाम ढलते ही ठिठुरन बढ़ने लगी है।

सुबह की ठंड और शाम की ठिठुरन
सोमवार को सुबह की आद्रता 77 प्रतिशत और शाम की 48 प्रतिशत रही, जिससे सुबह के समय ठंड का अहसास काफी तेज रहा। मौसम के इस बदलाव से अब शाम होते ही सड़कों पर लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आने लगे हैं।

दिन छोटा, रात लंबी
सर्दी के जोर पकड़ने के साथ ही अब दिन छोटा और रात लंबी हो गई है। सोमवार को सूर्योदय सुबह 6:43 बजे और सूर्यास्त शाम 5:33 बजे हुआ। इस लिहाज से दिन महज 10 घंटे 50 मिनट का ही रहा, जबकि रात की अवधि बढ़कर 13 घंटे 10 मिनट की हो गई।

सिमटने लगा दिन, 13 घंटे से लंबी हो गई रात।