अखण्ड यादव बल्देवगढ़। पुलिस अधीक्षक के स्पष्ट निर्देशों के बाद बल्देवगढ़ थाना प्रभारी प्रीति भार्गव ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डारगुंवा में मुखबिर की सटीक सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने पेट्रोल पंप के पास स्थित अवैध शराब ठिकाने पर छापामार दबिश दी और 7 पेटी देसी शराब जब्त की।
थाना प्रभारी प्रीति भार्गव के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में आरोपी संतोष सिंह बुंदेला पिता विजय सिंह बुंदेला, निवासी ग्राम डारगुंवा के बागर से अवैध रूप से संग्रहित देसी शराब बरामद की गई, जिसकी बाजार कीमत लगभग 35 हजार रुपए बताई जा रही है।
थाना प्रभारी प्रीति भार्गव ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुखबिर की सूचना पर तत्काल टीम गठित कर दबिश दी गई और आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रीति भार्गव स्वयं मौके पर मौजूद रहीं और कार्रवाई का नेतृत्व किया। उनके साथ एसआई ठाकुर, प्रधान आरक्षक जज़िम खान एवं आरक्षक केशव राजपूत की सक्रिय भूमिका रही।
लगातार हो रही सख्त कार्रवाइयों से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है, वहीं पुलिस की सक्रियता से आमजन में कानून व्यवस्था को लेकर भरोसा बढ़ा है।