आलोट (रतलाम)। अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आलोट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन से तस्करी कर ले जाई जा रही 177 पेटी अवैध शराब और बीयर जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान करीब 10 लाख 32 हजार रुपये मूल्य का अवैध माल एवं वाहन जब्त किया है, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अभियान के दौरान 5 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिलने पर आलोट थाना पुलिस ने ग्राम खामरिया के बाहर रीछा मार्ग पर नाकाबंदी की। इस दौरान बिना नंबर की एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप पुलिस को देखकर तेज गति से भाग निकली। पुलिस टीम ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए वाहन का पीछा किया और कुम्हार नाका, आलोट पर उसे रोक लिया।

कार्रवाई में प्रधान सिंह पिता विक्रम सिंह सोंधिया राजपूत (26 वर्ष), निवासी रणायरा पीर, थाना झार्डा, जिला उज्जैन को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी जसपाल सिंह पिता मोकम सिंह सोंधिया राजपूत, निवासी फतेहगढ़, चौकी पिपलोन, जिला आगर अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया।

तलाशी के दौरान पिकअप वाहन से 110 पेटी देशी प्लेन शराब (कीमत लगभग 1.98 लाख रुपये), 67 पेटी LEMEOUNT STRONG BEER (कीमत लगभग 1.34 लाख रुपये) तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की महिंद्रा बोलेरो पिकअप (कीमत लगभग 7 लाख रुपये) जब्त की गई। कुल जब्त सामग्री का मूल्य लगभग 10.32 लाख रुपये बताया गया है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना आलोट में अपराध क्रमांक 364/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपी से शराब की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क और अन्य तस्करों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

इस उल्लेखनीय कार्रवाई में एसडीओपी पल्लवी गौड़ के प्रभावी मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने साहस, सतर्कता और त्वरित कार्रवाई का परिचय दिया। अभियान को सफल बनाने में उप निरीक्षक मोहन भाटी, प्रधान आरक्षक लोकेन्द्र शर्मा, आरक्षक चालक अनिल कुमार, कृष्णपाल सिंह परिहार, ईश्वर सिंह, अभिनंदन, दीपक पाटीदार, थॉमस भाभर सहित पूरी पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही। क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध आलोट पुलिस की यह कार्रवाई अपराधियों के लिए कड़ा संदेश मानी जा रही है।