आलीराजपुर। जिले के कट्ठीवाड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम आमखुट में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। खेत पर कब्जे और बुवाई को लेकर हुए विवाद में एक बुजुर्ग की लकड़ी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल पति-पत्नी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को ग्राम आमखुट निवासी बुजुर्ग खुमसिंग (खुमान) की लकड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी चंदरिया पिता अनसिंह मावड़ा द्वारा खरीदी गई भूमि पर मृतक फसल की बुवाई कर रहा था। इसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि चंदरिया और उसकी पत्नी मनीबाई ने मिलकर बुजुर्ग पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही कट्ठीवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी व भौतिक साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। मृतक और आरोपी आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।

मामले में थाना कट्ठीवाड़ा में प्रकरण क्रमांक 98/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 103(1), 115(2) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्योति उमठ बघेल तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) डॉ. शक्तिसिंह चौहान के पर्यवेक्षण में विशेष टीम गठित की गई, जिसने त्वरित कार्रवाई कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।