गढ़ाकोटा। सागर जिले के गढ़ाकोटा नगर में रविवार देर रात हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। घटना सागर-दमोह मार्ग स्थित पावर हाउस के सामने की बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, केशव भौरहरि (60 वर्ष), निवासी आजाद वार्ड, गढ़ाकोटा अपनी ओला बाइक से सागर रोड की ओर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान गढ़ाकोटा की ओर से आ रही एक सफेद रंग की आर्टिका कार क्रमांक एमपी 15 जेडएल 3433 ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरा और उसके सिर में गंभीर चोट आई।

थाना प्रभारी शिवम दुबे ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। घायल को तत्काल गढ़ाकोटा सिविल अस्पताल भेजा गया, लेकिन सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। मृतक केशव भौरहरि नगर के परिचित नागरिकों में गिने जाते थे। हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन, मित्र और परिचित अस्पताल पहुंच गए।