भंडारे में बालक को गोली मारी,
पुरानी रंजिश में हमला

आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा

टीकमगढ़ के पलेरा थाना क्षेत्र के कछौरा गांव में एक युवक ने भंडारे के दौरान 12 वर्षीय बालक को गोली मार दी। घटना में बालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए झांसी रेफर किया गया है। पुलिस ने आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।
जतारा एसडीओपी अभिषेक गौतम ने बताया कि यह घटना 8 मार्च को कछौरा गांव में कारशदेव महाराज के यहां चल रहे भंडारे के दौरान हुई। आरोपी विश्वनाथ पाल (36 वर्ष, निवासी कछौरा) ने पुरानी रंजिश के चलते बालक के पेट में कट्टे से गोली मारी थी।
पलेरा थाना पुलिस ने सोमवार को आरोपी विश्वनाथ पाल को कछौरा गांव से गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया अवैध कट्टा, एक जिंदा कारतूस और खोखा जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ अप.क्र.59/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।
आरोपी को जतारा न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। इस गिरफ्तारी में पलेरा थाना प्रभारी उप निरीक्षक एनडी कोंदर, सउनि संतोष तिलगाम, बालकिशन श्रीवास, मनमोहन रैदास, रामकिशन अनुरागी, ग्यासी यादव, परशुराम, ललित कुशवाहा, प्रवेन्द्र पटेल सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।