दमोह में परीक्षा केंद्र के बाहर छात्र पर जानलेवा हमला, 48 घंटों में पांचवी हत्या
दमोह के कोतवाली थाना क्षेत्र में स्थित ओजस्विनी स्कूल के बाहर शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। परीक्षा देकर बाहर आ रहे कक्षा दसवीं के छात्र पर उसी कक्षा की एक छात्रा ने चाकू से हमला किया, जिसके बाद छात्र की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना दोपहर 12 बजे की है, जब छात्र परीक्षा केंद्र से घर लौट रहा था।
मृतक की पहचान 14 वर्षीय ऋषि अहिरवार के रूप में हुई है, जो इमलाई का निवासी था। बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले ऋषि का किसी सहपाठी से विवाद हुआ था, जिसने उसे चाकू मारने की धमकी दी थी।
पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मामला
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली टीआई मनीष कुमार और सीएसपी एचआर पांडे ने जिला अस्पताल पहुंचकर जांच शुरू कर दी। मृतक के साथियों के बयान के आधार पर मामले की तहकीकात की जा रही है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और कुछ छात्रों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
दमोह में बढ़ रहा अपराध का ग्राफ
दमोह में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। 48 घंटों के भीतर यह पांचवी हत्या की घटना है, जिसने जिले में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। हाल ही में हरदुआ, कलकुआ, हथना और समन्ना में हुई वारदातों ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया है। बावजूद इसके, अपराधियों के बुलंद हौसले चिंता का विषय बने हुए हैं।
आगे की जांच और आवश्यक कार्यवाही जारी है, ताकि दोषियों को जल्द से जल्द कानून के कटघरे में खड़ा किया जा सके।

Continue With Google
Comments (0)