ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट और फर्जी निवेश जैसे बढ़ते साइबर अपराधों पर रोक लगाने के लिए देवास पुलिस ने जिलेभर में "सेफ क्लिक-2.0" अभियान शुरू किया है। 

यह अभियान अगले 15 दिनों तक गांव-गांव, स्कूलों, कॉलेजों, बैंकों, पंचायतों, अस्पतालों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर चलाया जाएगा। अभियान का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एसपी पुनीत गेहलोत की मौजूदगी में किया गया।
पुलिस के अनुसार, पिछले "सेफ क्लिक" अभियान में साइबर अपराधों के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ी थी। शिकायतों की संख्या बढ़ने से समय पर कार्रवाई संभव हुई और लगभग 710 नागरिकों को 3.60 करोड़ रुपये की ठगी गई राशि वापस दिलाने में मदद मिली। वहीं 230 से अधिक लोगों को डिजिटल अरेस्ट और अन्य साइबर ठगी का शिकार होने से बचाया गया।
अभियान के दौरान साइबर जागरूकता कार्यशालाएं, सेमिनार, साइबर चौपाल, नुक्कड़ नाटक, रैलियां, मैराथन और साइबर मेले आयोजित किए जाएंगे। नागरिकों को संदिग्ध कॉल, लिंक, क्यूआर कोड और ऑनलाइन लेन-देन से जुड़ी धोखाधड़ी से बचने के उपाय भी बताए जाएंगे।
देवास पुलिस ने अपील की है कि किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई कर नुकसान को रोका जा सके।