दमोह में 9 माह की बच्ची के साथ दुष्कर्म: आरोपी हिरासत में, पुलिस करेगी सख्त कार्रवाई

दमोह: दमोह जिले के नोहटा थाना क्षेत्र में एक बेहद शर्मनाक और हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां 9 माह की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। इस घटना को परिवार के ही एक करीबी सदस्य ने अंजाम दिया है।

शनिवार को दमोह एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने पत्रकारवार्ता में इस घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को रात में ही हिरासत में ले लिया और आज उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।

घटना की जानकारी मिलते ही बच्ची को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका मेडिकल परीक्षण किया गया। पुलिस की टीम रातभर अस्पताल में मौजूद रही और परिजनों के बयान दर्ज किए गए।

इस मामले में आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 64 और पास्को एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। दमोह एसपी ने बताया कि बच्ची की स्थिति स्थिर है, लेकिन उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज भेजा जा रहा है। वहां से आने वाली रिपोर्ट और पुलिस की जांच के परिणामों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एसपी ने आश्वासन दिया कि आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

महत्वपूर्ण: यह घटना समाज के लिए एक चेतावनी है कि बच्चों की सुरक्षा के प्रति सतर्कता बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें।