बियर और देसी सफेद शराब की पेटियों से ठसाठस भरी थी पिकअप, फरार साथियों और सप्लाई नेटवर्क को लेकर पूछताछ जारी

 

आलोट। नगर में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ रविवार शाम आलोट थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए शराब से भरी एक पिकअप वाहन को जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस को देखकर तस्कर कुम्हार नाका चौराहे पर बीच सड़क वाहन छोड़कर भाग निकले। हालांकि पुलिस की त्वरित घेराबंदी में एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब 7:20 बजे पुलिस को संदिग्ध पिकअप वाहन में अवैध शराब परिवहन की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही आलोट थाना पुलिस सक्रिय हुई और नगर के प्रमुख मार्गों पर घेराबंदी शुरू कर दी। इसी दौरान कुम्हार नाका क्षेत्र में पुलिस टीम को देखकर वाहन में सवार आरोपी घबरा गए और पिकअप सड़क के बीचों-बीच खड़ी कर भागने लगे। पुलिस जवानों ने तुरंत पीछा किया और एक आरोपी को दबोच लिया।

पुलिस द्वारा पिकअप वाहन की तलाशी लेने पर उसमें बड़ी मात्रा में बियर एवं देसी प्लेन सफेद शराब के क्वार्टर पेटियों में भरे मिले। बताया जा रहा है कि पूरी पिकअप शराब की पेटियों से ठसाठस भरी हुई थी। कार्रवाई के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और इतनी बड़ी मात्रा में शराब बरामद होने की चर्चा देर रात तक होती रही।

पकड़े गए आरोपी और जब्त वाहन को आलोट थाने लाया गया है। पुलिस आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही फरार साथियों और पूरे सप्लाई नेटवर्क की जानकारी भी जुटाई जा रही है।

पुलिस ने मामले में आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश देने की तैयारी की जा रही है। थाना पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।