कुठिला गांव में आबकारी विभाग की बड़ी दबिश: 30 से अधिक पेटी शराब जब्त, पूर्व लाइसेंसी और मैनेजर पर गिर सकती है गाज


त्योंथर तहसील क्षेत्र के कुठिला गांव में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छापा मारा। सूत्रों के अनुसार, वर्ष 2025–26 के चाकघाट समूह के पूर्व लाइसेंसी नाथूराम जायसवाल और उनके मैनेजर बीरेंद्र जायसवाल द्वारा गांव में अवैध रूप से शराब की पैकारी कर स्टॉक तैयार किया जा रहा था, जिसे अवैध तरीके से बेचा जा रहा था।
गोपनीय सूचना के आधार पर पहुंची आबकारी टीम ने मौके पर दबिश देकर 30 से अधिक पेटी शराब जब्त की। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी तिलक वर्मा को भी गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उससे कई अहम खुलासे हुए हैं।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने अपने बयान में पूर्व लाइसेंसी नाथूराम जायसवाल और मैनेजर बीरेंद्र जायसवाल का नाम लिया है, जिसके बाद दोनों की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत इनके खिलाफ मामला दर्ज किया जा सकता है।
फिलहाल आबकारी विभाग पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटा हुआ है और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों पर भी जल्द कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।