सागौर पुलिस ने नेशनल ऑटोमेटिव टेस्ट ट्रैक (NATRAX) से तांबे की पट्टियां चोरी करने वाले गिरोह के एक आरोपी को गिरफ्तार कर 2.60 लाख रुपये मूल्य की चोरी की सामग्री बरामद की है। यह सफलता 12 फरवरी 2026 की रात हुई चोरी के मामले में मिली है।

घटना सागौर थाना क्षेत्र के ग्राम खंडवा स्थित NATRAX के पावरट्रेन लैब में हुई थी। चोरों ने लैब के पीछे के कंपाउंड की जाली काटकर भारी मात्रा में तांबे की पट्टियां चुरा ली थीं। फरियादी शिवशंकर शर्मा की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 0026/26, धारा 331(4), 305(A), BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए, जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन पर सागौर थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।

मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पता चला कि मोनार्क होटल के पास कबाड़ी सुरेश राठौर ने चोरी का माल खरीदा है। पूछताछ में आरोपी सुरेश राठौर ने कैलाश, मेठु उर्फ राहुल और उतरु से तांबे की पट्टियां खरीदना स्वीकार किया। पुलिस ने सुरेश राठौर के कब्जे से कुल 1 क्विंटल 16 किलोग्राम तांबे की पट्टियां जब्त कीं, जिनकी कीमत 2 लाख 60 हजार रुपये है।

पुलिस अब इस मामले में फरार अन्य आरोपी कैलाश, मेठु उर्फ राहुल और उतरु की तलाश कर रही है।

 

टीम में सागौर थाना प्रभारी प्रकाश सरोदे, ASi राजेश सिलोरिया, HC ब्रजेश सिंह पंवार, HC अनिल राठौर, HC मनीष चौधरी, आरक्षक धर्मेंद्र यादव, आरक्षक अभिषेक का सराहनीय योगदान रहा l पुलिस अधीक्षक धार द्वारा टीम को उचित पुरस्कार देने की घोषणा की गई l