आव्या पब्लिक कॉन्वेंट स्कूल, खुरई में भव्य रूप से सम्पन्न हुआ वार्षिक महोत्सव “उड़ान”

खुरई। नगर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान आव्या पब्लिक कॉन्वेंट स्कूल, खुरई में वार्षिक महोत्सव “उड़ान” का आयोजन अत्यंत भव्यता, अनुशासन और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। विद्यालय परिसर को आकर्षक सजावट एवं प्रकाश व्यवस्था से सुसज्जित किया गया था। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने शिक्षा, संस्कार और संस्कृति का अद्भुत समन्वय प्रस्तुत करते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जियो के कार्यवाह सी.पी. रावत जी रहे। अध्यक्षता आर.एस. शर्मा जी (बीईओ, खुरई) ने की। विशेष अतिथि के रूप में दिनेश दुबे जी, प्राचार्य पॉलिटेक्निक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यालय के डायरेक्टर अमित दुबे जी, प्राचार्या कीर्ति सिरोठिया एवं अन्य गणमान्य नागरिक मंचासीन रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। विद्यालय की प्राचार्य महोदया ने स्वागत उद्बोधन देते हुए विद्यालय की वार्षिक उपलब्धियों पर प्रकाश डाला और “उड़ान” थीम की सार्थकता बताते हुए कहा कि यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि बच्चों के सपनों को नई दिशा देने का प्रयास है। उनके प्रभावशाली संबोधन ने पूरे वातावरण में नई ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार किया।

विद्यालय के बैंडसेट द्वारा अतिथियों का भव्य स्वागत किया गया, जिसने कार्यक्रम की गरिमा को और भी बढ़ा दिया। विद्यार्थियों ने अनुशासनबद्ध मार्चपास्ट एवं आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से अतिथियों का अभिनंदन किया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में समूह नृत्य, सामाजिक मीडिया के सदुपयोग पर आधारित संदेशात्मक नाटक, महाभारत पर प्रभावशाली अभिनय, पारंपरिक बुंदेली बधाई तथा नन्हे-मुन्ने बच्चों के मनमोहक डांस ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बुंदेलखंड स्टार राघवेंद्र लोधी, शिवम एवं उनकी टीम की उपस्थिति ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण जोड़ा।

अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि सी.पी. रावत जी ने विद्यालय की प्रशंसा करते हुए कहा कि “केवल चार वर्षों में जिस प्रकार विद्यालय ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है, वह अत्यंत सराहनीय है। यह सफलता केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और संस्कार आधारित वातावरण के कारण संभव हो पाई है। आव्या पब्लिक कॉन्वेंट स्कूल ने अल्प समय में ही क्षेत्र में अपनी सशक्त पहचान बनाई है।”

अध्यक्षता कर रहे आर.एस. शर्मा जी ने कहा कि विद्यालय द्वारा शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं नैतिक मूल्यों पर दिया जा रहा विशेष ध्यान विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का प्रमाण है। विशेष अतिथि दिनेश दुबे जी ने भी विद्यार्थियों के आत्मविश्वास एवं मंच प्रस्तुति की सराहना करते हुए विद्यालय परिवार को शुभकामनाएँ दीं।

इस अवसर पर शैक्षणिक सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रैंक होल्डर विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। साथ ही राज्य एवं संभाग स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित कर पुरस्कार वितरित किए गए। प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को मंच पर सम्मानित होते देख अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकगण, नगर के गणमान्य नागरिक एवं सम्माननीय पत्रकारगण उपस्थित रहे।

समापन अवसर पर विद्यालय के प्रतिनिधि मनोज दुबे जी ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

वार्षिक महोत्सव “उड़ान” ने यह सिद्ध कर दिया कि आव्या पब्लिक कॉन्वेंट स्कूल शिक्षा, संस्कार, अनुशासन और प्रतिभा विकास के क्षेत्र में निरंतर नई ऊँचाइयों की ओर अग्रसर है।