आलोट। मध्यप्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा विभाग के उप सचिव श्री अरविंद चोरघड़े ने शुक्रवार को सांदीपनि विद्यालय आलोट का विस्तृत निरीक्षण किया। उनके साथ सहायक परियोजना समन्वयक अशोक लोढ़ा एवं रतलाम जिला आईटी प्रभारी मुकेश ठन्ना भी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान उप सचिव ने विद्यालय की साफ-सफाई, कक्षा प्रबंधन एवं शैक्षणिक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यालय में संचालित शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों की प्रगति की जानकारी लेते हुए छात्रवृत्ति, APAAR ID, UDISE पोर्टल सहित अन्य महत्वपूर्ण कार्यों की समीक्षा की। अधिकारियों ने विद्यालय के शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ की कार्यप्रणाली की जानकारी भी ली।

तीनों फ्लोर की व्यवस्थाएं देखीं

उप सचिव एवं उनकी टीम ने विद्यालय के तीनों फ्लोर का निरीक्षण कर कक्षाओं तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद समस्त शिक्षकों के साथ बैठक आयोजित की गई। इसमें चोरघड़े ने शिक्षकों को ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने पर जोर दिया। उन्होंने शिक्षकों को निरंतर सीखने और अपने ज्ञान को अद्यतन रखने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों के हित एवं शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश और सुझाव भी दिए।

पुष्पगुच्छ भेंट कर किया स्वागत

विद्यालय के प्राचार्य फिरोज खान, उप प्राचार्य पीयूष शर्मा, मिडिल विंग प्रभारी सत्यनारायण सोंगरा एवं प्राइमरी विंग प्रभारी भगत सिंह पंवार ने अधिकारियों को विद्यालय की विभिन्न व्यवस्थाओं एवं गतिविधियों की जानकारी दी। विद्यालय आगमन पर प्राचार्य फिरोज खान ने उप सचिव अरविंद चोरघड़े, सहायक परियोजना समन्वयक अशोक लोढ़ा एवं रतलाम जिला आईटी प्रभारी मुकेश ठन्ना का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

विद्यालय परिवार ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा दिए गए मार्गदर्शन एवं सुझावों को सकारात्मक रूप से लेते हुए विद्यार्थियों के हित में शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने की बात कही।