गढाकोटा। उच्च शिक्षा विभाग,मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गढ़ाकोटा में स्नातक प्रथम वर्ष में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत एवं मार्गदर्शन हेतु तीन दिवसीय दीक्षारंभ समारोह का आयोजन 01जुलाई से 03 जुलाई तक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, उपलब्ध सुविधाओं, छात्र हितैषी योजनाओं तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के विभिन्न प्रावधानों से परिचित कराना था। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. घनश्याम भारती की अध्यक्षता में हुआ। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का महाविद्यालय परिवार में स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, ज्ञानार्जन, अनुशासन, नैतिक मूल्यों एवं जीवन कौशल के विकास का केंद्र है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, समय का सदुपयोग तथा महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करने का आह्वान किया। कार्यक्रम प्रभारी सुश्री आकृति खरे ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय की स्थापना, विभिन्न संकायों एवं पाठ्यक्रमों, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, अकादमिक बैंक ऑफ क्रेडिट (ABC), विषय चयन, परीक्षा प्रणाली, कैरियर मार्गदर्शन, इंटर्नशिप एवं रोजगारोन्मुखी अवसरों, एंटी-रैगिंग, महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, शिकायत निवारण तंत्र, आईटी सुविधाओं तथा महाविद्यालय में उपलब्ध विभिन्न छात्र हितैषी योजनाओं एवं गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। पुस्तकालयाध्यक्ष श्रीमती शिम्पी मौर्या ने विद्यार्थियों को पुस्तकालय की सेवाओं, ई-लाइब्रेरी एवं डिजिटल संसाधनों की जानकारी दी। छात्रवृत्ति प्रभारी श्री अभय यादव ने विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी प्रदान की। श्री दीपक वर्मन ने एनएसएस की गतिविधियों एवं उनके महत्व से विद्यार्थियों को अवगत कराते हुए महाविद्यालय के नियमों को बताया, क्रीड़ा अधिकारी श्री राजीव दुबे ने महाविद्यालय की खेल सुविधाओं एवं खेल गतिविधियों की जानकारी साझा की। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त शिक्षकगण, अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्नातक प्रथम वर्ष में नव प्रवेशित विद्यार्थी उपस्थित रहे। समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों में महाविद्यालय के प्रति अपनत्व की भावना विकसित करना तथा उन्हें उच्च शिक्षा के वातावरण से परिचित कराकर उनके सर्वांगीण विकास के लिए प्रेरित करना रहा। समारोह का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाओं एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
Continue With Google
Comments (0)