सेवा संकल्प अभियान के तहत मॉडल स्कूल में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन
मुंगावली। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मुंगावली में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुंगावली विधायक एवं पूर्व राज्यमंत्री श्री बृजेंद्र सिंह यादव ने सहभागिता की।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने ‘विकसित भारत 2047’ एवं ‘राष्ट्र निर्माण के 25 वर्ष’ जैसे समसामयिक विषयों पर अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। बच्चों ने चित्रों के माध्यम से नए भारत की परिकल्पना को उकेरा, वहीं भाषण प्रतियोगिता में राष्ट्र के प्रति अपने विचारों को ओजस्वी ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री बृजेंद्र सिंह यादव ने कहा कि नवीन और विकसित भारत के निर्माण में हमारे युवा और विद्यार्थी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं। उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
अंत में उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
Continue With Google