गांधी-शास्त्री के विचारों से गूंजा नवोदय विद्यालय
भाषण, कविता, गीत और नुक्कड़ नाटक से विद्यार्थियों ने बांधा समां
शमशाबाद। सत्य और अहिंसा का संदेश देने वाले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा बुलंद करने वाले पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, शमशाबाद में देशभक्ति और प्रेरणा का माहौल देखने को मिला। विद्यालय परिसर में दोनों महापुरुषों के विचारों की ऐसी गूंज सुनाई दी कि विद्यार्थी भी उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लेते नजर आए।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य जितेंद्र कुमार, उपप्राचार्य एमडी मिश्रा एवं समस्त स्टाफ सदस्यों ने गांधीजी और शास्त्रीजी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने अपने हुनर का जलवा बिखेरते हुए भाषण, कविता, गीत और नुक्कड़ नाटक की शानदार प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों में दोनों महापुरुषों के जीवन, संघर्ष और प्रेरक प्रसंगों को जीवंत किया गया।
प्राचार्य जितेंद्र कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि गांधीजी विराट चेतना के धनी व्यक्तित्व थे। उनकी विचारधारा केवल भारत तक सीमित नहीं रही, बल्कि पूरे विश्व को प्रभावित करती रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से गांधीजी और शास्त्रीजी के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का आह्वान किया।
विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक पीसी गौतम एवं कन्नड़ शिक्षक रमेश राठौड़ ने गांधीजी और शास्त्रीजी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर सारगर्भित विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि दोनों महापुरुषों का सादगी, सत्य, अनुशासन और राष्ट्रसेवा का जीवन आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम का संचालन सीसीए मीडिया प्रभारी एवं अंग्रेजी के स्नातकोत्तर शिक्षक मनोज कुमार वर्मा ने किया। अंत में उपप्राचार्य एमडी मिश्रा ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आत्मीय आभार व्यक्त किया।
Continue With Google