आलोट। शासकीय सान्दीपनि विद्यालय, आलोट में गुरुवार को विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच देने वाली कई गतिविधियां आयोजित की गईं। मोगली बाल महोत्सव की विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता, सेवा संकल्प अभियान के तहत चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता के साथ पालक-शिक्षक बैठक हुई। दिनभर चले आयोजन में विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
मोगली बाल महोत्सव की विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता में कनिष्ठ वर्ग से 15 और वरिष्ठ वर्ग से 26 विद्यार्थियों ने भाग लिया। कनिष्ठ वर्ग में सान्दीपनि विद्यालय की चंचल परमार ने प्रथम तथा पृथ्वीराज सिंह ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वरिष्ठ वर्ग में मोहित बैरागी प्रथम और गायत्री यादव द्वितीय रहीं। सफल विद्यार्थियों को प्राचार्य फिरोज खान एवं उप प्राचार्य पीयूष शर्मा ने बधाई देते हुए जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
सेवा संकल्प अभियान में भी विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित भाषण प्रतियोगिता में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आलोट की कक्षा 10वीं की छात्रा कल्पना परमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। संस्कार अकादमी भुतिया के कक्षा 6वीं के छात्र हर्षवर्धन सिंह द्वितीय तथा शासकीय सान्दीपनि विद्यालय की कक्षा 11वीं की छात्रा गायत्री यादव तृतीय स्थान पर रहीं। चित्रकला प्रतियोगिता में विकासखंड की विभिन्न संस्थाओं से प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया।
पालकों ने देखी विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्थाएं
इसी अवसर पर पालक-शिक्षक बैठक में अभिभावकों को विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति और विद्यालय की गतिविधियों की जानकारी दी गई। पालकों ने विज्ञान प्रयोगशाला, कंप्यूटर कक्ष एवं संगीत कक्ष सहित विभिन्न शैक्षणिक सुविधाओं का अवलोकन किया। त्रैमासिक परीक्षा परिणाम से भी अभिभावकों को अवगत कराया गया। विद्यार्थियों की उत्तर पुस्तिकाएं दिखाकर उनकी उपलब्धियों, कमियों और सुधार के बिंदुओं पर चर्चा की गई।
विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षकों और अभिभावकों के बीच निरंतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। आयोजन में विद्यालय के शिक्षकगण सहित अन्य विद्यालयों से आए शिक्षक भी उपस्थित रहे।
आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, अभिव्यक्ति कौशल, प्रकृति एवं पर्यावरण के प्रति जागरूकता, प्रतिस्पर्धात्मक भावना और शैक्षणिक प्रगति को बढ़ावा देना रहा।
Continue With Google