आलोट। शासकीय महाविद्यालय आलोट में स्वास्थ्य जागरूकता एवं रक्तदान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर शासकीय महाविद्यालय आलोट और विप्र रक्त संगठन के बीच तीन वर्षों के लिए समझौता ज्ञापन (MOU) पर हस्ताक्षर किए गए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को रक्तदान के महत्व, पात्रता और आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में वाणिज्य विभाग के प्रो. संदीप सांखला ने अतिथियों का स्वागत किया और विद्यार्थियों से परिचय करवाया। प्रभारी प्राचार्य डॉ. मंजुलता चौधरी ने बताया कि 18 से 55 वर्ष की आयु और 45 किलो से अधिक वजन वाला स्वस्थ व्यक्ति चिकित्सकीय पात्रता के अनुसार रक्तदान कर सकता है।
विप्र रक्त संगठन के नकुल खारोल ने बताया कि रक्तदान के लिए नजदीकी जिला अस्पताल, ब्लड बैंक या अधिकृत रक्तदान शिविर में पंजीयन कराया जा सकता है। रक्तदान की प्रक्रिया करीब 10 से 15 मिनट में पूरी होती है, जिसमें लगभग 250 मिलीलीटर रक्त लिया जाता है।
पुलिस थाने से मोहन सिंह भाटी ने विद्यार्थियों को रक्तदान से पहले बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी देते हुए कहा कि रक्तदान से 24 घंटे पहले शराब का सेवन नहीं करना चाहिए तथा खाली पेट रक्तदान नहीं करना चाहिए। मेदांता हॉस्पिटल के चिकित्सक ने रक्तदान से जुड़े स्वास्थ्य पहलुओं की जानकारी देते हुए बताया कि रक्तदान से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलती है। रक्तदान करने वाले व्यक्ति का हेल्थ कार्ड भी बनाया जाता है।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के डॉ. संजय सिंह सोलंकी, डॉ. मनीष कुमार झाला, डॉ. अमित कुमार गुप्ता, डॉ. विमलेश सोनी, डॉ. सरला अखंड, मप्र जन अभियान परिषद की परामर्शदाता पूजा सांखला सहित छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। संचालन प्रो. संदीप सांखला ने किया तथा आभार नकुल खारोल ने माना।
Continue With Google