आलोट। शासकीय सांदीपनि उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आलोट के व्यवसायिक शिक्षा के विद्यार्थियों ने सोमवार को संजीवनी हॉस्पिटल का औद्योगिक भ्रमण किया। भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान के साथ स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में होने वाले विभिन्न कार्यों की व्यावहारिक जानकारी देना था।

भ्रमण के दौरान संजीवनी हॉस्पिटल के संचालक पीएन डांगी ने विद्यार्थियों को कौशल विकास, रोजगार के अवसर, मरीजों की देखभाल, प्राथमिक उपचार और स्वास्थ्य जांच से जुड़ी विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने बॉडी चेकअप, रिपोर्ट प्रिंटिंग, डेटा एंट्री, एक्स-रे और ईसीजी सहित अस्पताल में संचालित विभिन्न गतिविधियों को समझा।

अस्पताल के स्टाफ ने विद्यार्थियों को लैब सहित विभिन्न विभागों का भ्रमण कराया और वहां होने वाले कार्यों की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने भी स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में रोजगार एवं करियर से जुड़े सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया।

इस दौरान विद्यालय के आईटी/आईटीईएस व्यावसायिक प्रशिक्षक इंजीनियर राहुल मंडवारिया, हेल्थ केयर व्यावसायिक प्रशिक्षिका पूजा कारपेंटर, बलराम भानोपा और रवि चौहान उपस्थित रहे।

विद्यालय के प्राचार्य फिरोज खान एवं प्रभारी प्राचार्य पीयूष शर्मा ने विद्यार्थियों के इस शैक्षणिक भ्रमण को उपयोगी बताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।