*मोहित सोनी की न्यूज़ रिपोर्ट -
 ज्ञान की खोज’ प्रतियोगिता संपन्न, टीम गजराज ने मारी बाजी*

*गुना।* क्रांतिवीर तात्या टोपे विश्वविद्यालय के विज्ञान संकाय द्वारा विद्यार्थियों के लिए एक विशेष बौद्धिक प्रतियोगिता ‘मिशन गणेश – ज्ञान की खोज’ का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य छात्रों में एकाग्रता, समझ और चुनौतियों से लड़ने की क्षमता विकसित करना था।

विश्वविद्यालय में गणेश स्थापना के अवसर पर विज्ञान संकाय की छात्र समिति ने इस कार्यक्रम का आयोजन किया था। इसमें 5 टीमों ने हिस्सा लिया - मूषक, मोदक, गजराज, सिद्धिविनायक और विघ्नहर्ता।

प्रतियोगिता में 5 अलग-अलग टास्क रखे गए थे। हर टास्क पूरा करने पर एक ‘ज्ञान की चाबी’ मिलती थी। ये 5 चाबियाँ थीं - सुनना, ध्यान लगाना, सोचना, परिस्थिति के अनुसार ढलना और लगातार प्रयास करना। आयोजकों ने बताया कि यही सफलता का मूल मंत्र है।

अंत में कड़े मुकाबले में टीम गजराज विजेता बनी। विजेता टीम को डायरी और पेन देकर सम्मानित किया गया। वहीं तुरंत सही जवाब देने वाले छात्रों को प्रोत्साहन के लिए कुकीज़ और मोदक दिए गए।

इस आयोजन को सफल बनाने में तनुराजा परमार, आदिश जैन, कार्तिकेय शर्मा, हेमंत जाटव, आदित्य शर्मा, अरसित महुले, अंकित प्रजापति, शिव कुमार जाटव, दीपक यादव, अभिषेक ओझा, आरती धाकड़, गोमती, राजमणि, नीता, वंदना, मोनिका, नंदिनी पंथी, रिमी लोधी और ऋतु किरार का विशेष योगदान रहा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों के इस प्रयास की तारीफ की।